Bhagalpur News: नवगछिया पुलिस ने अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की।
टेकबाजपुर दियारा में चल रहा था अवैध कारोबार
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहपुर थाना क्षेत्र के टेकबाजपुर दियारा स्थित एक मकान में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से देसी हथियार बनाए और बेचे जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बिहपुर थाना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने घेराबंदी कर मौके पर अचानक छापेमारी कर दी।
मौके से 4 आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार बनाते और तस्करी में शामिल चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
- मो. मोकीम
- मो. सुशील
- मो. अब्दुल अजीज
- पप्पू मंडल उर्फ प्रमोद कुमार
भारी मात्रा में हथियार व निर्माण सामग्री जप्त
पुलिस द्वारा की गई सघन तलाशी के दौरान मौके से भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार तथा उपकरण जप्त किए गए:
- 11 निर्मित देसी पिस्तौल
- 04 अर्धनिर्मित पिस्तौल
- 16 मैगजीन
- 02 जिंदा कारतूस
- 33 लोहे के बड़े रॉड एवं हथियार बनाने के अन्य उपकरण व सामग्री
मामला दर्ज, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
घटना को लेकर बिहपुर थाना में संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इस अवैध कारोबार के गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।


