Bhagalpur News: नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के दाऊदबाट में HP गैस एजेंसी मौसम इंटरप्राइजेज की ओर से ग्राहकों के लिए 10 किलोवाट क्षमता वाले पारदर्शी गैस सिलेंडर को लॉन्च किया गया। नए सिलेंडर का शुभारंभ नाथनगर विधायक मिथुन कुमार, मौसम इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर पिंटू यादव और HP गैस के अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया। इस दौरान एक ग्राहक को नया सिलेंडर भी सौंपा गया।
नए सिलेंडर की सबसे खास बात इसकी पारदर्शी फाइबर बॉडी बताई गई है। इसके जरिए ग्राहक सिलेंडर के अंदर मौजूद गैस की मात्रा को बाहर से ही देख सकेंगे। इससे गैस की उपलब्ध मात्रा को लेकर उपभोक्ताओं को आसानी से जानकारी मिल सकेगी।
नाथनगर विधायक मिथुन कुमार ने इस पहल को ग्राहकों के लिए सुविधाजनक बताया। उन्होंने कहा कि पारदर्शी सिलेंडर के जरिए उपभोक्ताओं को गैस की स्थिति देखने में आसानी होगी और यह सामान्य सिलेंडर से अलग एक नया विकल्प उपलब्ध कराएगा।
90 मिनट में डिलीवरी का दावा
मौसम इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर पिंटू यादव ने बताया कि एजेंसी की ओर से ग्राहकों को तेज डिलीवरी की सुविधा देने की व्यवस्था की गई है। एजेंसी के अनुसार, ग्राहक को 90 मिनट के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराने का दावा किया गया है। इससे अचानक गैस खत्म होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
वैध प्रमाण पत्र से मिलेगा कनेक्शन
एजेंसी की ओर से बताया गया कि नए 10 किलोवाट के सिलेंडर का कनेक्शन लेने के लिए ग्राहक को एक वैध प्रमाण पत्र लेकर एजेंसी में आना होगा। आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बाद तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
मौसम इंटरप्राइजेज की ओर से लॉन्च किए गए इस नए सिलेंडर को ग्राहकों के लिए सुविधाजनक और आकर्षक विकल्प बताया गया है। खासकर पारदर्शी फाइबर बॉडी के कारण उपभोक्ता सिलेंडर में गैस की मात्रा को बाहर से देखकर उसका अनुमान लगा सकेंगे।
दाऊदबाट में इस नए सिलेंडर की लॉन्चिंग के बाद अब ग्राहकों की प्रतिक्रिया और 90 मिनट में डिलीवरी की व्यवस्था कितनी प्रभावी रहती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।


