Homeबिहारमुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बड़ी घोषणाएं: पंचायत प्रतिनिधियों को मिली 6 महत्वपूर्ण...

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बड़ी घोषणाएं: पंचायत प्रतिनिधियों को मिली 6 महत्वपूर्ण सौगातें

Patna News:  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद भवन में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद प्रतिनिधियों के शिष्टमंडल के साथ अहम बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 6 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायती राज प्रतिनिधियों की मांगों से उन्हें अवगत कराया गया है और कई मांगों पर पहले से कार्रवाई चल रही है। प्रतिनिधियों की प्रमुख मांगों के समाधान हेतु मुख्यमंत्री ने नीचे दिए गए 6 फैसलों की घोषणा की:

मुख्यमंत्री की 6 बड़ी घोषणाएं

  1. मनरेगा योजना की सीमा बढ़ी
    अब ग्राम पंचायतों के मुखिया को 10 लाख रुपये तक की योजनाओं को स्वीकृति देने की शक्ति होगी। पहले यह सीमा 5 लाख रुपये थी।
  2. प्रतिनिधियों का भत्ता डेढ़ गुना हुआ
    त्रिस्तरीय पंचायती राज संस्थाओं के सभी स्तरों के जनप्रतिनिधियों का मासिक भत्ता 1.5 गुना बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
  3. 1069 पंचायत सरकार भवनों को मिली स्वीकृति
    राज्य के सभी पंचायतों में आगामी चुनाव से पूर्व पंचायत सरकार भवन का निर्माण लक्ष्य रखा गया है। जिन पंचायतों में मुख्यालय गांव में जमीन नहीं है, वे पास के गांव में भूमि चयन कर सकती हैं।
  4. शस्त्र अनुज्ञप्ति की प्रक्रिया होगी सरल
    पंचायत प्रतिनिधियों के हथियार लाइसेंस संबंधी आवेदन को जिला पदाधिकारी निर्धारित समय में निष्पादित करेंगे।
  5. अब सामान्य मृत्यु पर भी अनुग्रह अनुदान
    पहले आकस्मिक मृत्यु पर 5 लाख रुपये का अनुदान दिया जाता था, अब सामान्य मृत्यु पर भी मिलेगा। साथ ही बीमारी की स्थिति में मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कोष से इलाज की सुविधा भी मिलेगी।
  6. योजनाओं के कार्यान्वयन की सीमा बढ़ी
    पंचायती राज संस्थाओं को 15वें वित्त आयोग एवं राज्य वित्त आयोग से प्राप्त राशि से 15 लाख रुपये तक की योजनाओं को स्वतंत्र रूप से विभागीय स्तर पर क्रियान्वित करने की अनुमति दी गई है।

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2006-07 में पंचायत और नगर निकाय चुनावों में महिलाओं को 50% आरक्षण दिया गया था। आज बड़ी संख्या में महिलाएं नेतृत्व की भूमिका में हैं, जो सामाजिक बदलाव का संकेत है।

प्रतिनिधियों ने जताया आभार

बैठक में जिला परिषद संघ की प्रतिनिधि श्रीमती कृष्णा यादव, पंचायत समिति की प्रमुख श्रीमती रश्मि कुमारी, मुखिया संघ अध्यक्ष श्री मिथिलेश कुमार राय, और पंच-सरपंच संघ के अध्यक्ष श्री अमोद कुमार निराला ने भी अपने विचार रखे। सभी ने मुख्यमंत्री द्वारा पंचायती राज व्यवस्था के सशक्तिकरण के प्रयासों की सराहना की।

बैठक में शामिल प्रमुख लोग

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री  सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री  विजय कुमार चौधरी, पंचायती राज मंत्री  केदार प्रसाद गुप्ता, मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, विकास आयुक्त समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular