Homeभागलपुर सिटीमिसाइल हमले में कहलगांव के लाल की मौत, बसरा के पास ऑयल...

मिसाइल हमले में कहलगांव के लाल की मौत, बसरा के पास ऑयल टैंकर पर हमला से पसरा मातम

इराक के बसरा के पास समुद्र में हुआ हमला, ऑयल टैंकर पर तैनात थे भागलपुर के इंजीनियर देवनंदन प्रसाद सिंह

Bhagalpur News:  अंतर्राष्ट्रीय तनाव का असर अब बिहार के भागलपुर जिले तक पहुंच गया है। कहलगांव प्रखंड के रानी बमियां गांव निवासी देवनंदन प्रसाद सिंह की मिसाइल हमले में दर्दनाक मौत हो गई। इस खबर के सामने आते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में मातम छा गया।

बताया जा रहा है कि देवनंदन प्रसाद सिंह अंतरराष्ट्रीय शिपिंग कंपनी में एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वे “सेफसी विष्णु” नामक ऑयल टैंकर पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। यह जहाज इराक के बसरा से फुजारह होते हुए सिंगापुर की ओर जा रहा था और मार्शल आइलैंड्स के झंडे के तहत संचालित हो रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जहाज की अंतिम लोकेशन बसरा के पास बताई गई है। बुधवार की रात क्षेत्र में जारी तनाव के बीच अचानक जहाज पर मिसाइल हमला हुआ। इस हमले में जहाज को गंभीर क्षति पहुंची और देवनंदन प्रसाद सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद घटना की पुष्टि शिपिंग कंपनी ने गुरुवार को आधिकारिक रूप से की।

जैसे ही यह खबर उनके पैतृक गांव रानी बमियां पहुंची, पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी, भाई और अन्य परिजन गहरे सदमे में हैं। सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी और भाई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं, जहां से आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि किसी भी तरह देवनंदन प्रसाद सिंह का पार्थिव शरीर भारत लाया जाए, ताकि अंतिम संस्कार से पहले परिवार के लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकें।

देवनंदन प्रसाद सिंह अपने कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव और मेहनती व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। एक इंजीनियर के रूप में वे समुद्र पार रहकर देश का नाम रोशन कर रहे थे। आज उनका पूरा गांव इस उम्मीद में है कि उनका लाल तिरंगे में लिपटकर अपने घर लौटे, ताकि गांव और परिवार उन्हें अंतिम विदाई दे सके।

यह घटना न सिर्फ एक परिवार बल्कि पूरे कहलगांव और भागलपुर क्षेत्र के लिए गहरा सदमा बनकर सामने आई है।

भागलपुर | आलोक कुमार झा

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular