
Bhagalpur News: भागलपुर शहर में 22 फरवरी को आयोजित होने वाले निःशुल्क बाल हृदय रोग जांच शिविर के प्रचार-प्रसार को लेकर शुक्रवार को तिलकामांझी चौक से कचहरी चौक तक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। यह शिविर आईएमए भवन, लाजपत पार्क में आयोजित होगा, जिसमें मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना के शिशु हृदय रोग विशेषज्ञ बच्चों की इको जांच एवं परीक्षण करेंगे।
रैली में शामिल शिशु रोग विशेषज्ञों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हाथों में हृदय के आकार वाले गुब्बारे लेकर लोगों को बाल हृदय रोग के लक्षणों और समय पर जांच की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया।
जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स, भागलपुर के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि शिविर में बच्चों की जांच पूरी तरह निःशुल्क होगी। जिन बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि होगी, उनका इलाज और आवश्यक सर्जरी भी मेदांता अस्पताल, पटना में मुफ्त कराई जाएगी।
आईएपी के डॉक्टरों ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी बच्चे में सांस लेने में तकलीफ, बार-बार सर्दी-खांसी, शरीर का नीला पड़ना, जल्दी थक जाना, वजन न बढ़ना या बेहोशी जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत जांच कराना बेहद जरूरी है।
सोसाइटी के सचिव सोमेश यादव ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराना है। रैली में कई डॉक्टर, सामाजिक कार्यकर्ता और संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।
शिविर का लाभ लेने के लिए अभिभावक 7549738184 एवं 9386115784 पर संपर्क कर सकते हैं।





