Bhagalpur News: भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोदीपुर के पास मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज़ रफ्तार बस ने एक ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार लोग घायल हो गए, जिनमें ई-रिक्शा चालक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में प्रेमलता देवी और लता देवी की पहचान हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक नारायणपुर निवासी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ई-रिक्शा अमरपुर से भागलपुर की ओर आ रहा था, तभी भागलपुर से अमरपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने उसे सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के यात्री करीब 10 मिनट तक उसमें फंसे रहे। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और ऑटो के जरिए मायागंज अस्पताल भेजा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए लोगों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे बस के शीशे टूट गए। सूचना मिलने पर जगदीशपुर और आसपास के थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ई-रिक्शा को जब्त कर लिया है।
घटना के बाद घायलों के परिजन अस्पताल पहुंच गए हैं। घायल प्रेमलता देवी ने बताया कि वे ई-रिक्शा से भागलपुर जा रही थीं, तभी अमरपुर की ओर से आ रही बस ने टक्कर मार दी।
जगदीशपुर थाना अध्यक्ष अभय शंकर ने बताया कि मामले में जांच जारी है और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

