Bhagalpur News: भागलपुर में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में गैस आपूर्तिकर्ता कंपनियों के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में गैस की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं को होने वाली संभावित परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधक रमन गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि भागलपुर में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सामान्य परिस्थितियों में एक दिन का बैकलॉग रहता है, लेकिन फिलहाल करीब तीन दिनों का बैकलॉग चल रहा है। उन्होंने बताया कि आमतौर पर जिले में प्रतिदिन लगभग 10 हजार सिलेंडर का स्टॉक रहता है, जबकि इस समय 18 से 20 हजार सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि खाड़ी देशों में उत्पन्न हालिया संकट की खबरों के कारण लोग सुरक्षा की भावना से घबराकर ज्यादा संख्या में गैस की बुकिंग कर रहे हैं, जिससे बैकलॉग बढ़ गया है। हालांकि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है।
बैठक में एचपीसीएल के वरीय क्षेत्रीय प्रबंधक शाहनवाज अनवर और भारत पेट्रोलियम के क्षेत्रीय प्रबंधक इंद्रनील अग्रवाल ने भी स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर ग्राहक सत्यापन के लिए अस्थायी रोक लगाई गई है, लेकिन सत्यापित उपभोक्ताओं को कमर्शियल गैस की आपूर्ति जारी है।
उन्होंने जानकारी दी कि कमर्शियल गैस की आपूर्ति घरेलू गैस की कुल आपूर्ति का केवल 2 से 3 प्रतिशत ही होती है। फिलहाल पुलिस लाइन, एएनएम केंद्र, जीविका समूह और टाटा स्टील जैसे संस्थानों को कमर्शियल गैस की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि इस व्यवस्था का गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि गैस एजेंसियों से उन गोदामों की सूची प्राप्त की जाए जहां उपभोक्ताओं की अधिक भीड़ लग रही है। ऐसे स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि एलपीजी गैस को लेकर घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और ऑनलाइन बुकिंग भी सामान्य रूप से जारी है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


