Homeभागलपुर सिटीश्रावणी मेला क्षेत्र का डीडीसी और सिटी एसपी ने किया निरीक्षण, तैयारियों...

श्रावणी मेला क्षेत्र का डीडीसी और सिटी एसपी ने किया निरीक्षण, तैयारियों को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

Bhagalpur News: श्रावणी मेला 2025 की तैयारियों को लेकर आज सुलतानगंज में भागलपुर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी)  प्रदीप कुमार सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी)  शुभांक मिश्रा ने संयुक्त रूप से मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), नगर परिषद सुलतानगंज के कार्यपालक पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता मिथिलेश प्रसाद सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने घाटों की स्थिति का जायजा लिया और साफ-सफाई, मरम्मत, सुरक्षा रेलिंग जैसी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता पर पूरे किए जाएं।

मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए डीडीसी और सिटी एसपी ने प्रमुख स्थलों पर बैरिकेडिंग, निगरानी कैमरे, दिशा संकेतक और नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल, वॉच टावर और स्वयंसेवकों की सहायता से मजबूत व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव भी दिया गया।

पार्किंग और ट्रैफिक की योजना पर जोर
डीडीसी ने स्पष्ट रूप से कहा कि मेला क्षेत्र के बाहर विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की सुव्यवस्थित व्यवस्था की जाए। सभी पार्किंग स्थलों पर संकेतक बोर्ड, शुद्ध पेयजल और शौचालय की सुविधा अनिवार्य रूप से हो। सिटी एसपी ने जानकारी दी कि वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित और सुगम बनाए रखने के लिए एक ट्रैफिक योजना तैयार की जा रही है, जिसमें वन-वे मार्ग और वैकल्पिक रूट भी शामिल होंगे।

सफाई और स्वास्थ्य सेवाएं होंगी सशक्त
साफ-सफाई को लेकर नगर परिषद को निर्देशित किया गया कि पूरे मेला क्षेत्र में नियमित सफाई हो, हर स्थान पर कूड़ेदान, चलित शौचालय एवं सैनिटेशन की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। स्वास्थ्य विभाग को प्राथमिक उपचार केंद्र, एम्बुलेंस और चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

डीडीसी ने कहा कि श्रावणी मेला एक महत्त्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ को गंगाजल अर्पित करने सुलतानगंज से देवघर तक की यात्रा करते हैं। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular