
पटना/गोपालगंज: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में गोपालगंज जिले का दौरा कर विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जल संसाधन विभाग के अंतर्गत सारण तटबंध के कि०मी० 80 से कि०मी० 152 के बीच उच्चीकरण, सुदृढ़ीकरण, सुरक्षात्मक कार्य एवं शीर्ष पर कालीकरण कार्य का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से बाढ़ नियंत्रण में मदद मिलेगी और किसानों को राहत मिलेगी।
जायजा के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि थावे मंदिर परिसर के मुख्य व आंतरिक संपर्क पथ, गोपालगंज जिले में आरओबी, पुल-पुलिया, मीरगंज बाईपास, तथा कटैया औद्योगिक क्षेत्र को विजयीपुर-देवरिया सड़क से जोड़ने हेतु बाइपास निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सारण तटबंध के निकट आयोजित किसान मेला सह कृषि यंत्र प्रदर्शनी-2026 का भी अवलोकन किया। यहां उन्होंने कृषि विभाग के सिस्टम हायरिंग सेंटर के तहत 40 प्रतिशत अनुदान का सांकेतिक चेक लाभुकों को प्रदान किया, जिससे किसानों में उत्साह देखा गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री बरौली प्रखंड मुख्यालय पहुंचे, जहां विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अभियान बसेरा के तहत सरकारी भूमि बंदोबस्ती प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री मुस्लिम महिला परित्यक्ता/तलाकशुदा योजना, एवं सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक, चाबी एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए।
जीविका दीदियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों ने बिहार की तस्वीर बदली है। उन्होंने कहा, “बिहार की प्रगति में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है, सरकार हर कदम पर आपके साथ है।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 316 करोड़ रुपये की लागत से कुल 40 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया, जिसमें 181 करोड़ से 33 योजनाओं का शिलान्यास और 135 करोड़ से 7 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन बरौली प्रखंड कार्यालय भवन एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की।
इस मौके पर कई मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री का यह दौरा गोपालगंज के विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है।




