HomeUncategorizedमुख्यमंत्री ने सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण, कहा - "बिहार में...

मुख्यमंत्री ने सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र का किया निरीक्षण, कहा – “बिहार में उद्योग के लिए अनुकूल माहौल”

Patna News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को पटना जिले के बिहटा स्थित सिकंदरपुर औद्योगिक क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार की मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत संचालित आर.के. शर्ट्स यूनिट, डी.वी. रंजन बैग क्लस्टर और इंटीग्रेटेड इरैडिएशन सेंटर का दौरा किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उद्योगों की स्थापना से युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “बिहार में उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण है और सरकार निवेशकों को हर संभव सुविधा दे रही है।”

आर.के. शर्ट्स यूनिट: 180 युवाओं को रोजगार, लक्ष्य 1200

मुख्यमंत्री ने सबसे पहले आर.के. शर्ट्स यूनिट का निरीक्षण किया, जहां शर्ट्स की कटिंग, स्टिचिंग और पैकेजिंग का कार्य चल रहा है। वर्तमान में यूनिट में 180 से अधिक युवक-युवतियाँ कार्यरत हैं। वर्ष 2024 में स्थापित यह यूनिट भविष्य में लगभग 1200 लोगों को रोजगार देगा।

डी.वी. रंजन बैग क्लस्टर: महिला नेतृत्व में उत्कृष्ट मॉडल

इसके बाद उन्होंने डी.वी. रंजन बैग क्लस्टर का जायजा लिया। यह इकाई हस्तनिर्मित बैग, कैनवास बैग और कॉर्पोरेट गिफ्ट बैग्स का उत्पादन करती है। 80% कर्मचारी महिलाएं हैं, जिन्हें स्वयं सहायता समूहों और एनजीओ के जरिए प्रशिक्षित किया गया है। यह क्लस्टर प्रतिदिन 500 से अधिक बैग्स का उत्पादन करता है।

इंटीग्रेटेड इरैडिएशन सेंटर: कृषि उत्पादों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निर्यात

मुख्यमंत्री ने ₹58.15 करोड़ की लागत से बने इंटीग्रेटेड इरैडिएशन सेंटर का भी निरीक्षण किया। यह सेंटर फलों, सब्जियों, मसालों और अन्य कृषि उत्पादों की शेल्फ लाइफ बढ़ाने और निर्यात के लिए मानक के अनुरूप तैयार करने के लिए स्थापित किया गया है। इसमें 4000 मीट्रिक टन क्षमता का कोल्ड स्टोरेज, ड्राई वेयरहाउस और आधुनिक पैक हाउस शामिल है।

अब तक इस केंद्र से लीची और जर्दालु आम का सफल निर्यात यूएई और कतर जैसे देशों में किया गया है। हाल ही में ‘गिफ्ट फ्रॉम बिहार’ पहल के तहत 2000 से अधिक प्रीमियम आम के बॉक्स अतिथियों को उपहार स्वरूप भेजे गए।

350 से अधिक को मिला प्रत्यक्ष रोजगार

इन तीनों इकाइयों से अब तक 350 से अधिक स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल चुका है। इनमें महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समावेशी विकास, ग्रामीण उद्यमिता और कुशल कार्यबल निर्माण को बढ़ावा देना है।

निरीक्षण में प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान राज्यसभा सांसद  संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव  दीपक कुमार, उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव  मिहिर कुमार सिंह, पटना के आयुक्त, जिलाधिकारी, वरीय पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular