Homeभागलपुर सिटीबिहार विधानसभा चुनाव 2025: विशेष केंद्रीय कारा भागलपुर में तड़के प्रशासनिक टीम...

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: विशेष केंद्रीय कारा भागलपुर में तड़के प्रशासनिक टीम की औचक छापामारी, जेल परिसर में मचा हड़कंप

भागलपुर | 31 अक्टूबर: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन भागलपुर एक्शन मोड में दिखा। चुनावी माहौल में किसी भी प्रकार की अवैध या संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह करीब 5:00 बजे विशेष केंद्रीय कारा, भागलपुर में प्रशासनिक टीम ने औचक छापामारी अभियान चलाया।

यह अभियान जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक भागलपुर के निर्देशन में संचालित हुआ। टीम का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी (सदर)  विकास कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता सुश्री अपेक्षा मोदी, एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (नगर-01)  अजय कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इस कार्रवाई में स्थानीय थानाध्यक्षों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी शामिल रहे।

प्रशासनिक टीम ने जेल परिसर के सभी प्रमुख हिस्सों— कैदी बैरक, मेस, सुरक्षा चौकी, प्रशासनिक कक्ष, और मुलाकात घर — में गहन निरीक्षण किया। छापामारी के दौरान हर कोने की सघन तलाशी ली गई ताकि किसी प्रकार का आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामान, जैसे मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ या संचार उपकरण, आदि की मौजूदगी की जांच की जा सके।

इस दौरान टीम ने जेल प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा भी की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि चुनाव अवधि के दौरान जेल परिसर में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या नियमों का उल्लंघन बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

छापामारी के बाद अधिकारियों ने जेल कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यह सुनिश्चित करने पर बल दिया कि जेल के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा और अनुशासन के साथ लागू रहें।

सूत्रों के अनुसार, यह छापामारी चुनाव के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा जेल के अंदर से किसी भी प्रकार की अप्रिय गतिविधि की संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से की गई थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसी औचक छापामारी और निगरानी अभियान चुनाव समाप्ति तक जारी रहेंगे।

भागलपुर जिला प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई ने जहां जेल परिसर में सतर्कता बढ़ा दी है, वहीं यह भी संदेश दिया है कि आगामी चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular