HomeScienceपटना साइंस सिटी में बनेगा विज्ञान का सुपर सेंटर, स्पेस से मानव...

पटना साइंस सिटी में बनेगा विज्ञान का सुपर सेंटर, स्पेस से मानव शरीर तक 269 प्रदर्शों का अनोखा अनुभव

भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने Dr. APJ Abdul Kalam Science City में चल रहे कार्यों की समीक्षा की, स्पेस, सस्टेनेबल प्लैनेट और बॉडी एंड माइंड गैलरी में तेजी से हो रहा प्रदर्शों का अधिष्ठापन

Patna News: पटना स्थित Dr. APJ Abdul Kalam Science City में विज्ञान और तकनीक से जुड़ा एक अनोखा अनुभव जल्द ही लोगों को मिलने वाला है। यहां विभिन्न गैलरियों में कुल 269 विज्ञान प्रदर्श स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे आगंतुकों को अंतरिक्ष, पर्यावरण और मानव शरीर से जुड़ी रोचक जानकारियां एक ही स्थान पर मिलेंगी।

भवन निर्माण विभाग के सचिव Kumar Ravi की अध्यक्षता में गुरुवार को साइंस सिटी में चल रहे प्रदर्श अधिष्ठापन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य विज्ञान दीर्घा के साथ-साथ सस्टेनेबल प्लैनेट, स्पेस एंड एस्ट्रोनोमी तथा बॉडी एंड माइंड गैलरी में हो रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी ली गई।

पांच गैलरियों में 269 विज्ञान प्रदर्श होंगे स्थापित

साइंस सिटी परिसर में कुल पांच गैलरियों का सिविल वर्क पूरा हो चुका है। इनका कुल क्षेत्रफल लगभग 7,725 वर्गमीटर है और इनमें 26 थीम पर आधारित 269 विज्ञान प्रदर्श स्थापित किए जा रहे हैं।

इनमें से बीए साइंटिस्ट्स गैलरी और बेसिक साइंस गैलरी का लोकार्पण पहले ही किया जा चुका है और ये आम लोगों के लिए खुल चुकी हैं। पिछले साल सितंबर में साइंस सिटी के उद्घाटन के बाद से अब तक करीब एक लाख लोग यहां भ्रमण कर चुके हैं।

अलग-अलग गैलरियों में मिलेगा अनोखा वैज्ञानिक अनुभव

पहली गैलरी बीए साइंटिस्ट्स गैलरी में 12 प्रदर्शों का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि बेसिक साइंस गैलरी में 35 प्रदर्श स्थापित किए जा चुके हैं। शेष 47 प्रदर्शों के लिए प्रोटोटाइप तैयार कर लिया गया है और स्वीकृति मिलते ही उनका अधिष्ठापन शुरू कर दिया जाएगा।

इसके अलावा सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी, स्पेस एंड एस्ट्रोनोमी गैलरी तथा बॉडी एंड माइंड गैलरी में कुल 175 प्रदर्श लगाए जा रहे हैं। इनमें सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी में 52, स्पेस एंड एस्ट्रोनोमी गैलरी में 58 और बॉडी एंड माइंड गैलरी में 65 प्रदर्श स्थापित किए जाएंगे। इन गैलरियों के निर्माण और प्रदर्श अधिष्ठापन पर लगभग 213 करोड़ 85 लाख 55 हजार रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

पर्यावरण, अंतरिक्ष और मानव शरीर की मिलेगी रोचक जानकारी

सस्टेनेबल प्लैनेट गैलरी के माध्यम से आगंतुकों को बदलते ग्रह, जनसंख्या, प्रदूषण, कृषि, हरित शहरीकरण और ऊर्जा संरक्षण जैसे विषयों की जानकारी मिलेगी। वहीं स्पेस एंड एस्ट्रोनोमी गैलरी में आगंतुकों को प्राचीन काल से लेकर आधुनिक अंतरिक्ष विज्ञान तक की रोमांचक यात्रा का अनुभव कराया जाएगा।

इसके अलावा बॉडी एंड माइंड गैलरी में बच्चों और उनके परिवारों को मानव शरीर और मस्तिष्क से जुड़ी रोचक और इंटरएक्टिव जानकारियां मिलेंगी, जिससे विज्ञान को समझना और भी आसान और दिलचस्प बनेगा।

सैदपुर की ओर भी खोला जाएगा नया प्रवेश द्वार

समीक्षा बैठक के दौरान साइंस सिटी में सैदपुर की ओर से भी प्रवेश द्वार खोलने को लेकर चर्चा हुई। इस संबंध में कार्यपालक अभियंता को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं ताकि आगंतुकों को आने-जाने में सुविधा मिल सके।

सचिव कुमार रवि ने कहा कि प्रदर्शों के इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है ताकि साइंस सिटी को जल्द पूरी तरह संचालित किया जा सके। इसके लिए गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग और स्थल निरीक्षण किया जा रहा है।

विजय सिन्हा
विजय सिन्हाhttp://silktvnews.com
Hindi News, हिंदी न्यूज, Latest News in Hindi, Aaj ki Taaja Khabar पढ़ें SilkTVNews पर.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular