
Bhagalpur News: भागलपुर एक बार फिर गंभीर आपराधिक घटना से दहल उठा। मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पार्षद पति अब्दुल सरवर कुरैशी उर्फ मिंटू के घर पर हुए बम हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इस पूरे मामले की जानकारी आज आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भागलपुर के सीनियर एसपी प्रमोद कुमार यादव ने दी।
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि 4 फरवरी को अपराधियों द्वारा पार्षद पति के घर पर बम फेंका गया था। इससे पहले लगातार रंगदारी की मांग की जा रही थी और रकम नहीं देने पर हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी दी गई थी। दहशत फैलाने के उद्देश्य से पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
एसएसपी ने कहा कि वीडियो वायरल होते ही मोजाहिदपुर थाना पुलिस और तकनीकी टीम सक्रिय हुई। वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
तेज धमाके के बाद पूरे वार्ड 39 में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया था। पीड़ित द्वारा थाना में दिए गए लिखित आवेदन में जान-माल के खतरे की आशंका जताई गई थी।
सीनियर एसपी ने स्पष्ट किया कि मामले की गहन जांच जारी है और यदि अन्य लोग भी इस साजिश में शामिल पाए गए तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि भागलपुर में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अपराधियों पर सख्त नजर बनाए हुए है।




