
Patna: बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा किए गए व्यापक सुधारों और नवाचारों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी मान्यता मिली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बुधवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक ISO 9001:2015 प्रमाणन का प्रमाण-पत्र भेंट किया गया। यह प्रमाण-पत्र इंडियन रजिस्टर क्वालिटी सिस्टम्स (IRQS) के प्रतिनिधियों द्वारा प्रदान किया गया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार वर्ष 2005 से सामान्य प्रशासन विभाग के विभागाध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में विभाग ने कार्य प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए कई अहम सुधार किए हैं। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप सामान्य प्रशासन विभाग को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्रदान किया गया है। यह प्रमाणन 12 जनवरी 2026 को दिया गया है, जो वर्ष 2029 तक मान्य रहेगा।
सूत्रों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में सामान्य प्रशासन विभाग ने कार्यस्थल के नवीनीकरण, कार्यालयों के सुव्यवस्थितीकरण, प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण, फाइल निस्तारण की समयबद्ध व्यवस्था, पारदर्शी कार्य प्रणाली और नवाचार को लेकर लगातार प्रयास किए। इन सुधारों का उद्देश्य आम जनता को बेहतर, तेज और विश्वसनीय प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना रहा है। ISO 9001:2015 प्रमाणन गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का अंतर्राष्ट्रीय मानक है, जो यह दर्शाता है कि विभाग की कार्यप्रणाली वैश्विक गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरती है।
प्रमाण-पत्र प्राप्त होने के अवसर पर मुख्यमंत्री ने सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, अनुशासन और निरंतर सुधार का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रमाणन से अन्य विभागों को भी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार और गुणवत्ता मानकों को अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि, डॉ. चंद्रशेखर सिंह, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मोहम्मद सोहैल, विशेष सचिव संजय कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इंडियन रजिस्टर क्वालिटी सिस्टम्स की ओर से डीजीएम श्री तरुण स्वरूप और श्री आफताब आलम ने प्रमाणन प्रक्रिया की जानकारी दी।
ISO प्रमाणन मिलने से बिहार सरकार की प्रशासनिक छवि को मजबूती मिली है और यह कदम सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।




