
Bhagalpur News: भागलपुर में वाहनों पर नाम या विशेष शब्द लिखवाकर घूमने की बढ़ती प्रवृत्ति के खिलाफ अब विरोध का एक अनोखा तरीका सामने आया है। कार्मिक संघ से जुड़े पदाधिकारियों ने नियमों के उल्लंघन पर आपत्ति जताते हुए प्रतीकात्मक अंदाज़ में अपना विरोध दर्ज कराया।
विरोध के तहत एक चार पहिया थार वाहन की नंबर प्लेट के ऊपर खुद ‘रंगबाज’ लिखवाकर प्रशासन और आम लोगों को संदेश देने की कोशिश की गई। यह विरोध प्रदर्शन कार्मिक संघ के अध्यक्ष प्रतीक झुनझुनवाला की अगुवाई में किया गया। बताया जा रहा है कि संबंधित वाहन का नंबर BR10 AP 7322 है।
कार्मिक संघ के उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा कि जब तक अन्य लोग अपनी गाड़ियों पर लिखे नाम या शब्दों को स्वयं या प्रशासन के निर्देश पर नहीं हटाते, तब तक वे भी अपने वाहन से ‘रंगबाज’ लिखा हुआ नेम प्लेट नहीं हटाएंगे। उनका कहना है कि यह कदम नियमों के पालन और समान व्यवस्था की मांग को लेकर उठाया गया एक प्रतीकात्मक विरोध है।
स्थानीय स्तर पर यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। शहर में वाहनों पर नियमों के विरुद्ध लिखावट को लेकर बहस तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें प्रशासन के रुख पर टिकी हैं कि क्या अनधिकृत नेम प्लेट और लिखावट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी या नहीं।




