
पटना, 01 फरवरी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज संसद में पेश किए गए केंद्रीय बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे सकारात्मक, स्वागतयोग्य और भविष्योन्मुखी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर पेश किया गया है और इसके माध्यम से देश के विकास की गति को और तेज करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट में देश में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की गई है। इनमें वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बिहार के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा। इससे राज्य में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि बजट में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग बनाने की घोषणा भी की गई है। इसके तहत पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जलमार्ग के विस्तार से बिहार के कई शहरों को लाभ मिलेगा, राज्य के उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारिक एवं व्यावसायिक गतिविधियां तेज होंगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि केंद्रीय बजट में बड़े टेक्सटाइल पार्क, महात्मा गांधी ग्राम स्वरोजगार योजना और सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के समर्थन का ऐलान किया गया है। इससे बिहार सहित पूरे देश में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि बजट में पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष ध्यान देने की घोषणा की गई है। इससे बिहार को औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना के विकास और रोजगार के अवसरों में बढ़ोतरी का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहरों के विकास से जुड़े प्रावधानों से बिहार में शहरीकरण को नई गति मिलेगी। इसके साथ ही बजट में देश के प्रत्येक जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा की गई है, जिससे उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाली छात्राओं को बड़ी सहूलियत मिलेगी।
अंत में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को एक बेहतर और विकासोन्मुख बजट पेश करने के लिए धन्यवाद दिया।





