
Bhagalpur News: भागलपुर के हबीबपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते बड़ी आपराधिक वारदात को नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने देसी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो किसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के धोबिया पोखर के आसपास कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही हबीबपुर थाना पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर मौके से मोहम्मद अदनान, सुनील और अरुण को धर दबोचा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अदनान का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। कुछ दिन पूर्व मुजाहिदपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के घर के सामने पटाखे फोड़ने और अवैध हथियार लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें अदनान की स्पष्ट पहचान हुई थी।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किस तरह की आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।




