
Bhagalpur News: भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र अंतर्गत अठनिया गांव में एक हृदयविदारक हादसे में नवोदय विद्यालय के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपाल कुमार यादव (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अंग्रेज यादव का पुत्र था।
परिजनों के अनुसार, गोपाल कुमार यादव को उसके पिता ने खेत में पटवन (सिंचाई) के लिए भेजा था। वह करीब दो घंटे से खेत में पानी दे रहा था। इसी दौरान बिजली से चलने वाली मोटर को खोलने के क्रम में वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक गोपाल कुमार यादव नवोदय विद्यालय का छात्र था और पढ़ाई में काफी होनहार बताया जाता है। उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया गया कि गोपाल दो भाइयों में सबसे छोटा था। इससे पहले करीब दो वर्ष पूर्व उसके बड़े भाई की भी बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो चुकी थी। एक के बाद एक दोनों बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब परिवार में सिर्फ माता-पिता ही शेष रह गए हैं।
घटना की जानकारी देते हुए समाजसेवी अशोक कुमार यादव ने बताया कि सुबह अचानक गांव में हल्ला मच गया कि खेत में करंट लगने से युवक की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।




