Bhagalpur News: भागलपुर–सुलतानगंज एनएच-80 मुख्य मार्ग पर मिर्जापुर स्थित दिलगौरी मोड़ के पास मंगलवार देर रात रफ्तार ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरा इलाका दहल उठा। भागलपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगी एक गुमटी में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास खड़े कई लोग इसकी चपेट में आ गए। वाहन गुमटी को तोड़ते हुए दीवार से जा टकराया और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार अत्यधिक थी और मोड़ के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सुलतानगंज थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को आनन-फानन में सुलतानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान नितेश मिश्रा (27) निवासी नारायणपुर, अमित कुमार (32) पिता अर्जुन तांती निवासी मिर्जापुर, चंदन ठाकुर (45) निवासी कोलगामा, पीयूष कुमार (23) निवासी नवादा तिलकपुर, ललित यादव, तिलकपुर के मुखिया अमित कुमार समेत एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन मुखिया अमित कुमार का है।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों—चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या तकनीकी खराबी—की गहन पड़ताल की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग दिलगौरी मोड़ पर स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
दिलगौरी मोड़ पर मौत का तांडव! तेज रफ्तार कार गुमटी में घुसी, 9 लोग गंभीर – मायागंज रेफर
एनएच-80 पर देर रात तेज रफ्तार का कहर, गुमटी में घुसी कार; सभी घायलों को मायागंज अस्पताल रेफर, पुलिस जांच में जुटी
RELATED ARTICLES

