Bhagalpur News: भागलपुर में लंबित मामलों के त्वरित और आपसी समझौते के आधार पर निपटारे के लिए 14 मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह लोक अदालत जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न प्रकार के मामलों का सरल और शीघ्र निष्पादन किया जाएगा।
लोक अदालत में बिजली विभाग से जुड़े विवाद, बैंक से संबंधित मामले, ट्रैफिक चालान, आपसी समझौते वाले सिविल मामले और अन्य लंबित प्रकरणों का निपटारा किया जाएगा। इसका उद्देश्य लोगों को कम समय और कम खर्च में न्याय उपलब्ध कराना है।
लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक विभाग की ओर से व्यापक तैयारी की जा रही है। इसके तहत भागलपुर व्यवहार न्यायालय में 20 बेंच, कहलगांव में 2 बेंच और नवगछिया में 5 बेंच का गठन किया गया है। इन सभी बेंचों पर अलग-अलग प्रकार के मामलों की सुनवाई कर उनका निष्पादन किया जाएगा।
इसी क्रम में बुधवार को भागलपुर व्यवहार न्यायालय परिसर से लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए एक जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर भागलपुर के प्रधान न्यायाधीश सहित कई न्यायिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह जागरूकता वाहन शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी जाकर लोगों को लोक अदालत के महत्व और लाभ के बारे में जानकारी देगा। इसका उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को लोक अदालत से जोड़ना और उन्हें अपने मामलों का जल्द निपटारा कराने के लिए प्रेरित करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम लोगों से अपील की है कि जिनके मामले लंबित हैं, वे लोक अदालत में आकर आपसी सहमति से उनका समाधान कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं।


