
Bhagalpur News: सरस्वती पूजा के दौरान जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भागलपुर समाहरणालय स्थित समीक्षा भवन में जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने की। बैठक में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ जिला शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्पष्ट कहा कि सरस्वती पूजा विद्या की देवी की आराधना का पर्व है, इसलिए इसका आयोजन पूरी श्रद्धा, शांति और अनुशासन के साथ किया जाए। उन्होंने बताया कि बड़े पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। कृत्रिम तालाबों में जहां पानी की समस्या रहती है, वहां नगर निगम और संबंधित निकाय पानी की व्यवस्था करेंगे।
डीएम ने विशेष रूप से कहा कि सरस्वती पूजा में बड़ी संख्या में छोटे बच्चे शामिल रहते हैं, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि उनके बीच कोई असामाजिक या उन्मादी तत्व न घुसे। नशा या शराब सेवन की सूचना तुरंत स्थानीय पदाधिकारी को देने का निर्देश दिया गया। विसर्जन के दौरान 18 वर्ष से ऊपर के युवाओं को ही पानी में उतरने की अनुमति होगी। महत्वपूर्ण घाटों पर बिजली की समुचित व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा करते हुए सभी थानों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में डीजे संचालकों से बॉन्ड डाउन करवा लें। साथ ही जर्जर बिजली तारों को समय रहते बदलने और पूजा अवधि में नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने का निर्देश बिजली विभाग को दिया गया। पूजा पंडालों के आसपास साफ-सफाई और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नगर निगम द्वारा कराया जाएगा।
वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि सभी पूजा पंडालों के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। लाइसेंस हेतु केवल एक आवेदन में 10–15 सदस्यों का नाम, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड देना होगा। इससे जिले में पूजा पंडालों का एक डाटा बेस तैयार रहेगा, जिससे आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव हो सके।
एसएसपी ने कहा कि डीजे, भड़काऊ और अश्लील गानों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। सभी थानों द्वारा पहले ही पेन ड्राइव या सीडी की जांच की जाएगी। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को ध्यान में रखते हुए उन्होंने आग्रह किया कि 24 जनवरी तक प्रतिमा विसर्जन करा लिया जाए, विशेष परिस्थिति में 25 जनवरी को अपराह्न 4 बजे तक अनिवार्य रूप से विसर्जन पूरा किया जाए।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने की चेतावनी देते हुए एसएसपी ने कहा कि अफवाह मिलने पर उसे फॉरवर्ड न करें, बल्कि तुरंत पुलिस या प्रशासन को सूचना दें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। जुलूस में नशे की हालत, हथियार, लाठी-डंडा लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह, नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने भी अपने विचार रखे। जिला शांति समिति के सदस्यों ने बहुमूल्य सुझाव देते हुए इस वर्ष भी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।




