
Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज मुजफ्फरपुर जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत कुल 853 करोड़ रुपये की लागत से 172 योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन, शिलान्यास एवं कार्यारंभ किया, जिससे जिले के आधारभूत ढांचे को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मुशहरी प्रखंड के चांदनी चौक (एनएच-28) से बखरी पथ (एनएच-57) तक चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि अब तक 15 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य तेजी से प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी सड़क परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। इसके साथ ही पूर्वी मुजफ्फरपुर में रिंग रोड निर्माण, गोबरसही चौक से माड़ीपुर तक आरओबी निर्माण, मधौल-रामदयालु पथ चौड़ीकरण, सबहा चौक से मरीचा पथ निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी मुख्यमंत्री को दी गई।
निरीक्षण के क्रम में यह भी बताया गया कि मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड का नाम अमर शहीद बैकुंठ शुक्ल के नाम पर किया गया है, जिसका लगभग 63 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने अहियापुर स्थित कृषि उत्पादन बाजार समिति प्रांगण के निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य (फेज-2) का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस फेज के तहत प्रशासनिक भवन, निबंधन कार्यालय, कैंटीन, वर्कर रेस्ट शेड, शौचालय, लोडिंग एवं वेडिंग प्लेटफॉर्म सहित कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बाजार समिति परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी अवलोकन किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका से जुड़ी 27,628 स्वयं सहायता समूहों को 406 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। जीविका दीदियों ने महिला सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में महिलाओं की भागीदारी अहम है और सरकार उन्हें हर संभव सहयोग देती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 853 करोड़ रुपये की योजनाओं में 212 करोड़ की 47 योजनाओं का उद्घाटन, 194 करोड़ की 89 योजनाओं का शिलान्यास और 447 करोड़ की 36 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है। जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री का पुष्प गुच्छ देकर अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे !




