
नई दिल्ली/पटना। देश की अर्थव्यवस्था को नई गति देने के उद्देश्य से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में आम बजट 2026–27 पेश किया। यह उनका लगातार नौवां बजट है। बजट में विकास, रोजगार, कृषि और आधारभूत संरचना को प्राथमिकता दी गई है। वहीं बिहार के लिए भी यह बजट कई मायनों में अहम साबित हो सकता है।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
बजट में किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। सरकार ने कृषि क्षेत्र में तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए Bharat-VISTAAR नामक AI आधारित प्लेटफॉर्म की घोषणा की है, जिससे किसानों को मौसम, मिट्टी, फसल और सरकारी योजनाओं की जानकारी उनकी भाषा में मिल सकेगी। इसका सीधा लाभ बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य को मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा पशुपालन, मत्स्य पालन और उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देने की योजनाओं से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना जताई जा रही है।
इंफ्रास्ट्रक्चर से खुलेगा रोजगार का रास्ता
बजट में बुनियादी ढांचे पर बड़े निवेश का ऐलान किया गया है। खास तौर पर पटना में जहाज मरम्मत (शिप रिपेयर) सुविधा स्थापित किए जाने की घोषणा को बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे गंगा जलमार्ग को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
इसके साथ ही नए रेल कॉरिडोर, सड़क परियोजनाओं और कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों से बिहार में व्यापार और आवागमन को गति मिलने की उम्मीद है।
राज्यों को मिलेगा वित्तीय सहयोग
केंद्र सरकार ने राज्यों के लिए वित्त आयोग अनुदान और पूंजीगत सहायता बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे बिहार सरकार को विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं को मजबूती मिलेगी।
स्थानीय उद्योग और MSME को बढ़ावा
बजट में टेक्सटाइल, हस्तशिल्प और MSME सेक्टर के लिए विशेष प्रोत्साहन की बात कही गई है। इसका लाभ बिहार के लघु उद्योगों और पारंपरिक कारीगरों को मिल सकता है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
कुल मिलाकर बिहार के लिए क्या मायने
हालांकि बजट भाषण में बिहार का नाम बार-बार नहीं लिया गया, लेकिन कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर, जलमार्ग, रेल और राज्य सहायता से जुड़ी घोषणाएं बिहार के विकास के लिए अहम मानी जा रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि आने वाले समय में इन योजनाओं का ज़मीनी असर दिखेगा।
कुल मिलाकर आम बजट 2026 को विकासोन्मुख और भविष्य की जरूरतों पर केंद्रित बताया जा रहा है, जिससे बिहार को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद हैं l





