
Bhagalpur News: भागलपुर से एक बड़ी साइबर क्राइम कार्रवाई सामने आई है, जहां डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 1 करोड़ 20 लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय फाइनेंशियल नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस सनसनीखेज मामले में गिरोह के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया गया है।
🔎 तकनीकी जांच से खुला राज
वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) भागलपुर के निर्देश पर साइबर अपराध थाना में दर्ज कांड की गहन तकनीकी जांच की गई। अनुसंधान के दौरान खुलासा हुआ कि ठगी की गई रकम को एक संगठित नेटवर्क के जरिए विदेशों में ट्रांसफर किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी हरियाणा के फरीदाबाद में रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन कर रहा था, जिसके तार दुबई सहित कई विदेशी शहरों से जुड़े हैं।
🚨 मधुबनी से मास्टरमाइंड गिरफ्तार
एसएसपी के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में गठित विशेष टीम ने मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र अंतर्गत छिछुआडीह गांव में छापेमारी कर मुख्य आरोपी मो. गुफरान को उसके घर से विधिवत गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पीड़ितों से ठगी गई रकम को वह अपने नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेजता था।
📱 दो मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें नेटवर्क से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
🎙️ क्या बोले एसएसपी?
(बाइट – प्रमोद कुमार, एसएसपी, भागलपुर)
एसएसपी ने बताया कि साइबर अपराध के खिलाफ यह बड़ी सफलता है और आम लोगों से अपील की कि डिजिटल अरेस्ट या किसी भी प्रकार की धमकी भरी कॉल से सतर्क रहें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
भागलपुर पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।




