
Bhagalpur News: भागलपुर सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को पूरे प्रशासनिक और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। यह धमकी ई-मेल के माध्यम से दी गई है, जिसकी सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल सख्त कर दिया गया।
धमकी की गंभीरता को देखते हुए व्यवहार न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। कोर्ट के मुख्य गेट सहित सभी प्रवेश बिंदुओं पर मेटल डिटेक्टर से सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाकर पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। एहतियातन फिलहाल कोर्ट परिसर में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
धमकी की सूचना मिलते ही भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह स्वयं कोर्ट परिसर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को हर कोने की जांच करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल जिस आईडी से भेजा गया है, उसकी तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। साइबर विशेषज्ञ ई-मेल के सर्वर, आईपी एड्रेस और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन पड़ताल कर रहे हैं।
इस बीच, कोर्ट परिसर में काम करने वाले अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और फरियादियों में भी डर का माहौल देखा गया। कई अधिवक्ताओं ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह की धमकियों को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए।
प्रशासन का कहना है कि फिलहाल कोर्ट परिसर पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। पूरे इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। मामले की जांच जारी है और जल्द ही धमकी देने वाले के बारे में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद जताई जा रही है।




