
Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तहत दरभंगा जिला के नागेन्द्र झा स्टेडियम में आयोजित भव्य जन संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि हर व्यक्ति का सम्मान हो और उसका जीवन यापन आसान बने।
मुख्यमंत्री ने 2005 से पहले की स्थिति को याद करते हुए कहा कि उस समय राज्य में कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं की हालत बेहद खराब थी। लोग शाम के बाद घर से निकलने से डरते थे, सड़कें जर्जर थीं और बिजली-पानी की व्यवस्था न के बराबर थी। लेकिन आज बिहार में कानून का राज है, भाईचारा और शांति का माहौल है तथा हर क्षेत्र में विकास के काम हुए हैं।
उन्होंने बताया कि सात निश्चय योजना के तहत हर घर बिजली, नल का जल, शौचालय और पक्की सड़कें उपलब्ध कराई गई हैं। बिजली को सस्ती और लगभग मुफ्त किया गया है। शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया है। सात निश्चय-2 के तहत 10 लाख सरकारी नौकरियां और 40 लाख रोजगार दिए जा चुके हैं, जबकि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने सात निश्चय-3 की रूपरेखा बताते हुए कहा कि इसमें दोगुना रोजगार-दोगुनी आय, उद्योगों का विस्तार, कृषि को मजबूती, उन्नत शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, आधुनिक आधारभूत संरचना और “सबका सम्मान-जीवन आसान” जैसे सात प्रमुख संकल्प शामिल हैं। महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आर्थिक सहायता, उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त भूमि और अनुदान, हर प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज, जिला अस्पतालों को विशिष्ट चिकित्सा केंद्र बनाने जैसे बड़े फैसले लिए गए हैं।
दरभंगा जिले के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यहां मेडिकल कॉलेज को 2500 बेड का बनाया जा रहा है, दूसरे एम्स की स्थापना हो रही है, एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है और कई सड़क-पुल परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। प्रगति यात्रा के दौरान स्वीकृत योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का मखाना की बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल होगा।




