
Bhagalpur News: भागलपुर से एक राहत भरी और दिल को सुकून देने वाली खबर सामने आई है। पिछले 24 दिनों से लापता दो स्कूली छात्राएँ सोनाक्षी और जिया को भागलपुर पुलिस ने मुंबई से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चियों की सुरक्षित बरामदगी की खबर मिलते ही परिवार के साथ-साथ पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार 8 जनवरी को दोनों छात्राएँ घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने 9 जनवरी को बबरगंज थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया गया। इस टीम की जिम्मेदारी सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह को सौंपी गई।
आठ सदस्यीय एसआईटी ने मामले को चुनौती के रूप में लेते हुए लगातार छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, रेलवे टिकट और यात्रा से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की गई। तकनीकी सर्विलांस और मानवीय सूचनाओं को जोड़कर पुलिस टीम धीरे-धीरे लोकेशन तक पहुंची। इस ऑपरेशन में दिल्ली और मुंबई पुलिस का भी सहयोग लिया गया, जबकि डीआईयू टीम ने भी अहम भूमिका निभाई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली और मुंबई के डोंगरी सीएचसी इलाके के पास दोनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया गया। बरामदगी की सूचना मिलते ही परिजन भावुक हो उठे। छात्रा के पिता थाना पहुंचे, जहां से उन्हें एसएसपी कार्यालय ले जाया गया। परिजनों ने पुलिस टीम को धन्यवाद देते हुए इसे नई जिंदगी मिलने जैसा बताया।
प्रेस वार्ता में एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि शिकायत मिलते ही हर संभावित एंगल से जांच शुरू कर दी गई थी। मिसिंग फोटो जारी कर सर्च अभियान तेज किया गया था। उन्होंने कहा कि 24 दिन बाद बच्चियों का सुरक्षित मिलना पुलिस के लिए बड़ी सफलता है। भागलपुर पुलिस की एक टीम परिजनों के साथ मुंबई रवाना हो चुकी है।
इस संवेदनशील मामले को मीडिया में प्रमुखता से उठाए जाने से भी जांच को गति मिली। अब पूरे इलाके में राहत और खुशी का माहौल है।




