
Bhagalpur News: भागलपुर के शिवपुरी–कैलाशपुरी स्थित बाबा बासुकीनाथ कॉलोनी के पास शीतला स्थान चौक से बाईपास जाने वाले मार्ग पर प्रस्तावित ओवरब्रिज (ROB) निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। छत्रपति शिवा कैलाश बासुकी समाज सेवा समिति के बैनर तले चारों मोहल्लों के लोगों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की।
“ओवरब्रिज से नहीं, प्रक्रिया से आपत्ति”
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्हें ओवरब्रिज निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, क्योंकि इससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी। लेकिन आरोप है कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना, नोटिस या संवाद के भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस जमीन पर वे वर्षों से रह रहे हैं और छोटे व्यवसाय के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं, उसी जमीन को अधिग्रहित किए जाने की जानकारी उन्हें अखबार में प्रकाशित खाता-खेसरा विवरण से मिली। इससे पूरे इलाके में भय और असमंजस का माहौल बन गया है।
मुआवजा और पुनर्वास की मांग
समिति के सदस्यों ने प्रशासन से स्पष्ट संवाद, लिखित नोटिस, उचित मुआवजा और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग की है। उनका कहना है कि विकास कार्यों में स्थानीय लोगों के अधिकारों और आजीविका की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ओवरब्रिज परियोजना जहां एक ओर यातायात सुधार की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है, वहीं दूसरी ओर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर उठे सवाल प्रशासन के लिए नई चुनौती बनते दिख रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाता है।




