
Bhagalpur News: देश को फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी से मुक्त करने के उद्देश्य से 10 फरवरी से 28 फरवरी तक चलने वाले फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की औपचारिक शुरुआत भागलपुर में की गई। जिले के समीक्षा भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने स्वयं फाइलेरिया की दवा का सेवन कर आम जनता को जागरूकता और विश्वास का संदेश दिया।
कार्यक्रम में डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, सिविल सर्जन समेत जिले के कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने अभियान की शुरुआत के प्रतीक रूप में फाइलेरिया की दवा का सेवन किया।
इस अवसर पर एमबीबीएस डिग्री धारक जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने फाइलेरिया की दवा सेवन की सही प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दवा कैसे खानी है और किन व्यक्तियों को यह दवा नहीं लेनी चाहिए, ताकि किसी तरह की भ्रांति न रहे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत दी जाने वाली दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई साइड इफेक्ट नहीं है। उन्होंने पिछले वर्ष दवा को लेकर फैली अफवाहों का जिक्र करते हुए कहा कि उनमें कोई सच्चाई नहीं थी और लोगों को अफवाहों से बचने की आवश्यकता है।
डीएम ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि देश और जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए जनसहयोग बेहद जरूरी है। सभी पात्र लोगों को इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए और निर्धारित दवा का सेवन अवश्य करना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयास से भागलपुर को फाइलेरिया मुक्त जिला बनाया जा सकता है l




