
Patna News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज सारण जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यान्वयन के स्पष्ट निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सारण जिले को कुल 538 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात दी, जिसमें 451 करोड़ रुपये की 45 योजनाओं का शिलान्यास तथा 87 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने यात्रा के दौरान जीविका महिला संकुल संघ द्वारा संचालित दीदी का सिंचाई घर सह प्रशिक्षण सह उत्पादन केंद्र का अनावरण एवं उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने केंद्र का निरीक्षण किया और महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना उनके आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है। अधिकारियों ने बताया कि इस केंद्र से जुड़ी 60 महिलाएं सिंचाई से संबंधित गतिविधियों में कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं में आत्मविश्वास और आर्थिक मजबूती आई है।
मुख्यमंत्री ने प्रखंड कार्यालय परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान जीविका द्वारा संचालित 11,985 स्वयं सहायता समूहों को परियोजना एवं बैंकों के माध्यम से 2 अरब 7 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई। साथ ही बिहार लघु उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री विवाह मंडप योजना, जीविका कैडरों का मानदेय भुगतान, किसान सलाहकार मानदेय वृद्धि, पौधा संरक्षण के अंतर्गत 694 पदों का सृजन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभुकों को बढ़ी हुई पेंशन राशि, कलाकार पेंशन योजना के तहत 3,000 रुपये मासिक, शिक्षकों की नियुक्ति में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी गई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), छपरा के शिलान्यास का अनावरण एवं उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न भवनों, प्रशिक्षण कक्षाओं, मैकेनिकल, डीजल और इलेक्ट्रिकल कार्यशालाओं का निरीक्षण कर छात्रों से बातचीत की और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण लेकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सारण जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और जनहित को सर्वोपरि रखने का निर्देश दिया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री, संबंधित मंत्रीगण, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
समृद्धि यात्रा के माध्यम से सारण जिले में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है, जिससे आमजन को बुनियादी सुविधाओं के साथ रोजगार और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार मिल रहा है।




