
Bihar News: बिहार में विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में सोमवार को सीतामढ़ी एवं शिवहर जिलों का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दोनों जिलों में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं का गहन जायजा लिया और प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
सीतामढ़ी जिले के बेलसंड प्रखंड अंतर्गत बागमती नदी पर मीनापुर–बेलसंड पथ में चंदौली घाट पर 70.89 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उच्च स्तरीय आरसीसी पुल एवं पहुँच पथ का मुख्यमंत्री ने शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। इस पुल के चालू होने से क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पीएमश्री हितनारायण प्लस टू उच्च विद्यालय, चंदौली में नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन किया।
हितनारायण इंटर स्तरीय विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से कुल 554.12 करोड़ रुपये की लागत से 67 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 26 योजनाओं का उद्घाटन (208.12 करोड़ रुपये) तथा 41 योजनाओं का शिलान्यास (346 करोड़ रुपये) शामिल है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जमीनी प्रगति की जानकारी ली।
इस अवसर पर सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत 386 परिवारों को 1.19 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता का सांकेतिक चेक प्रदान किया गया। वहीं 4813 जीविका स्वयं सहायता समूहों की 19,124 दीदियों को बैंक लिंकेज के माध्यम से 252 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग दे रही है।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री शिवहर जिले पहुंचे, जहां देवकुली धाम स्थित बाबा भुवनेश्वरनाथ मंदिर परिसर में 11.89 करोड़ रुपये की लागत से विकसित पर्यटकीय सुविधाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करते हुए तालाब के चारों ओर सीढ़ी घाट निर्माण शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया और राज्य की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
शिवहर में मुख्यमंत्री ने बुडको द्वारा निर्मित कमलेश्वरी नंदन सिंह बस पड़ाव का उद्घाटन किया। यहां 59 करोड़ रुपये की लागत से 103 योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया। साथ ही जीविका स्वयं सहायता समूहों को 140 करोड़ रुपये से अधिक तथा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के लाभुकों को 99.75 लाख रुपये की सहायता राशि के सांकेतिक चेक प्रदान किए गए।
समृद्धि यात्रा के इस चरण ने सीतामढ़ी और शिवहर को विकास की नई दिशा देने का संदेश दिया है।




