
Bhagalpur News: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की नवगछिया नगर इकाई एवं जीबी कॉलेज इकाई के संयुक्त तत्वावधान में जीबी कॉलेज परिसर में छात्र-छात्राओं की समस्याओं को लेकर कॉलेज समस्या संग्रह अभियान चलाया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान भी आयोजित किया गया।
अभियान का नेतृत्व जीबी कॉलेज उपाध्यक्ष शुभम कुमार ने किया। मौके पर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज में व्याप्त अव्यवस्थाओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर छात्रों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सूचीबद्ध किया।
इस अवसर पर एबीवीपी नवगछिया नगर अध्यक्ष श्रीओम सिंह ने कहा कि जीबी कॉलेज में व्यापक अनियमितताएं और छात्र समस्याएं लंबे समय से चली आ रही हैं। विद्यार्थी परिषद इन मुद्दों को लेकर पुनः शंखनाद करेगी और यदि जरूरत पड़ी तो आंदोलन भी किया जाएगा।
एबीवीपी नवगछिया नगर मंत्री शुभम कुमार ने बताया कि अभियान के दौरान छात्रों द्वारा रखी गई सभी समस्याओं को गंभीरता से नोट किया गया है। कॉलेज में कई विषयों में शिक्षकों की भारी कमी है। वहीं, लाखों रुपये की लागत से बनाया गया जिम आज तक छात्रों के लिए नहीं खोला गया, जो कॉलेज प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।
कॉलेज मंत्री अंश राज ने आरोप लगाया कि कॉलेज परिसर में कर्मचारियों द्वारा छात्रों के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं। छात्रों को रिजल्ट देखने के लिए बार-बार दौड़ाया जाता है, जबकि पीजी की पढ़ाई अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
कॉलेज उपाध्यक्ष शुभम कुमार ने बताया कि कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव है। शुद्ध पेयजल और स्वच्छ शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है। कॉलेज परिसर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे छात्रों को काफी परेशानी हो रही है।
इस अभियान में प्रमुख रूप से नवगछिया नगर अध्यक्ष श्रीओम सिंह, नगर मंत्री शुभम कुमार, कॉलेज मंत्री अंश राज, कॉलेज उपाध्यक्ष शुभम कुमार, नगर एसएफएस संयोजक हर्ष सहित दर्जनों एबीवीपी कार्यकर्ता उपस्थित थे !




